जोधपुर शहर में पारिवारिक कृषि भूमि को धोखाधड़ी और जालसाजी के जरिए हड़पने का मामला सामने आया है। पीड़ित श्रवण सिंह ने उदय मंदिर थाने में शिकायत दर्ज करवाई है, जिसमें उन्होंने अपने ही परिवार के सदस्यों पर गंभीर आरोप लगाए हैं।
शिकायत में कहा गया है कि सरकारी सेवा में कार्यरत होने का फायदा उठाकर उनके साथ बड़े पैमाने पर धोखाधड़ी की गई।
शिकायतकर्ता श्रवण सिंह ने बताया कि बनाड़ गांव में स्थित उनकी और भाई उदय सिंह की कृषि भूमि पर वर्षों से उनका कब्जा रहा है और वे नियमित रूप से उस पर खेती करते रहे हैं। सरकारी सेवा में होने के कारण वे अधिकतर समय ड्यूटी के चलते गांव से बाहर रहते थे। वहीं पिता के निधन के बाद भाई उदय सिंह की मानसिक स्थिति अस्थिर हो गई थी, जिनका इलाज परिवार की सदस्य पूनम सिंह करवाया करती थी।
श्रवण सिंह के अनुसार – पूनम सिंह ने उनकी माता से कहा कि डॉक्टर को दिखाने के लिए उदय सिंह के साथ तहसील भी जाना है, इस बहाने मां, उदय सिंह और श्रवण सिंह की दो-दो फोटो ले ली गईं। बाद में, 2001 में पूनम सिंह और उनके भाइयों ने इन फोटो और अन्य जानकारियों का इस्तेमाल कर भूमि का नामांतरण (म्यूटेशन) अपने पक्ष में करवा लिया।
फर्जीवाड़ा कर तैयार किए दस्तावेज
पीड़ित का दावा है कि न तो वे खुद, न ही उनकी माता कभी रजिस्ट्री कार्यालय गए, बावजूद इसके उनके नाम से दस्तावेज तैयार किए गए। फर्जी हस्ताक्षर कराए गए और उनकी मां की जगह किसी अन्य महिला के अंगूठे का निशान गहरी स्याही से लगाकर उसे असली दिखाने की कोशिश की गई। श्रवण सिंह का कहना है कि वह उस दौरान सुबह 9 से शाम 6 बजे तक सरकारी ड्यूटी पर रहते थे और किसी भी रजिस्ट्री प्रक्रिया में शामिल नहीं हुए थे।
करोड़ों की भूमि पर कब्जे का आरोप
शिकायत के अनुसार – 2002 में पूनम सिंह ने उदय सिंह के नाम से स्टांप खरीदकर आगे की प्रक्रिया पूरी की, जिससे यह स्पष्ट होता है कि उन्होंने योजनाबद्ध तरीके से करोड़ों की जमीन पर कब्जा जमाने की साजिश रची। पीड़ित ने पूनम सिंह और उनके सहयोगियों पर फर्जी दस्तावेज तैयार कर धोखाधड़ी करने, कूटरचित तरीके से लाभ लेने और संपत्ति हड़पने का आरोप लगाया है।
पुलिस जांच – उदय मंदिर थाना पुलिस ने मामला दर्ज कर लिया है और आरोपी पक्ष से पूछताछ की जा रही है। पुलिस का कहना है कि दस्तावेजों की सत्यता की जांच कर आगे की कानूनी कार्रवाई की जाएगी।
राजस्थान न्यूज: ICICI बैंक में महिला मैनेजर ने करोड़ों की धोखाधड़ी कर रुपए शेयर बाजार में डुबाए
जयपुर: शेयर में 1812% उछाल, फर्जीवाड़े की जांच में डेबॉक कंपनी पर ED की रेड